Uttarakhand: उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग का प्रमुख केंद्र बनाने पर जोर

 

देहरादून, सोमवार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी बनाने, निवेश आकर्षित करने और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण फिल्म निर्माण के लिए बेहद अनुकूल स्थान है। सरकार का उद्देश्य राज्य को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाना और इसे एक मजबूत शूटिंग हब के रूप में विकसित करना है।

उन्होंने बताया कि राज्य की फिल्म नीति के तहत निर्माताओं को सब्सिडी, टैक्स में राहत और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए शूटिंग से जुड़ी सभी अनुमतियों को आसान और पारदर्शी बनाया गया है, जिससे फिल्म निर्माण प्रक्रिया सरल हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में कई हिंदी, क्षेत्रीय फिल्मों, टीवी धारावाहिकों और वेब सीरीज़ की शूटिंग उत्तराखंड में हुई है, जिससे राज्य तेजी से फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहां की वादियां, झीलें और ऐतिहासिक स्थल निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य को ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है, जो नीतियों की सफलता को दर्शाता है। साथ ही लोकेशन बैंक तैयार कर विभिन्न स्थानों को एक मंच पर उपलब्ध कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म उद्योग से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है और उन्हें प्रशिक्षण से जोड़ने के प्रयास जारी हैं। वहीं फिल्म सिटी के विकास और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देकर राज्य की पहचान को और मजबूत किया जा रहा है।

इस अवसर पर मधुर भंडारकर ने उत्तराखंड की सराहना करते हुए यहां भविष्य में फिल्म शूटिंग करने की इच्छा जताई।

 

pls read: http://Uttara

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *