Uttarakhand: उत्तराखंड पुलिस के ऑपरेशन प्रहार में बड़ी सफलता कई इनामी और फरार अपराधी गिरफ्तार

देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर उत्तराखंड पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ताबड़तोड़ कार्यवाही जारी है। इसी कड़ी में देहरादून पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलग-अलग आपराधिक मामलों में शामिल शातिर अभियुक्तों और इनामी बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

राजपुर क्षेत्र में पूर्व में हुई फायरिंग और एक वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन और अभियुक्तों को दबोच लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शामली निवासी आदेश गिरी, हरिद्वार के मंगलौर निवासी समीर चौधरी और दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मोहित अरोड़ा के रूप में हुई है। यह पूरी घटना एक बार में हुए विवाद के बाद सड़क पर पीछा करने के दौरान हुई फायरिंग से संबंधित है, जिसमें सुबह की सैर पर निकले एक बुजुर्ग व्यक्ति को गोली लग गई थी और उनकी मृत्यु हो गई थी। इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है और अन्य की तलाश जारी है।

एक अन्य महत्वपूर्ण कार्यवाही में देहरादून पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर ऋषिकेश क्षेत्र से एक शातिर डकैत को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त योगेश रमेश लहारे महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना पर घेराबंदी कर इसे पकड़ा। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को महाराष्ट्र पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

इसी अभियान के दौरान पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली, जब ओडिशा की कटक जेल से फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी को ऋषिकेश से गिरफ्तार किया गया। बिहार निवासी यह अपराधी पुलिस की नजरों से बचकर छिपा हुआ था। टिहरी और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर इसे वाहन सहित दबोच लिया। राजा साहनी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

अपराधियों पर नकेल कसने के साथ-साथ देहरादून पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर व्यवस्था सुधारने हेतु डाकरा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया। ट्रैफिक पुलिस और कैंटोनमेंट बोर्ड के सहयोग से सड़क किनारे अवैध कब्जे हटाए गए, जिसमें पुलिस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत 20 लोगों पर कार्यवाही की गई। साथ ही, नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन की मदद से जब्त कर चालान किया गया।

डीजीपी दीपम सेठ ने इस अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूरे राज्य में सत्यापन और चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। होटलों, पीजी, आश्रमों और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्धों की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले पब और बार संचालकों के खिलाफ भी कठोर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी ताकि आम जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

 

Pls read:Uttarakhand: चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं पर देवकीनंदन ठाकुर ने मुख्यमंत्री को सराहा केदारनाथ और हेमकुंड रोपवे को बताया बड़ी उपलब्धि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *