WB: अमित शाह की दहाड़ बोले बंगाल की जनता अब दीदी को बाय-बाय करने को तैयार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में चुनावी पारा अब अपने चरम पर पहुँच गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राजनीतिक गढ़ और गृह क्षेत्र भवानीपुर में एक विशाल रोड शो के जरिए हुंकार भरी। इस दौरान उन्होंने ममता सरकार पर तीखा हमला करते हुए दावा किया कि बंगाल की जनता अब भ्रष्ट टीएमसी शासन की विदाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है। शाह ने विश्वास जताया कि आगामी 5 मई को बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।

भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी के खिलाफ भाजपा उम्मीदवार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले आयोजित इस रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। हाजरा मोड़ से शुरू हुए इस शक्ति प्रदर्शन के दौरान अमित शाह ने स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे बंगाल में परिवर्तन लाने की चाबी अब भवानीपुर के मतदाताओं के हाथ में है। उन्होंने एक “शॉर्टकट” सुझाते हुए कहा कि यदि भवानीपुर वाले भाजपा को एक सीट जीता दें, तो पूरे बंगाल में सत्ता परिवर्तन सुनिश्चित हो जाएगा।

गृह मंत्री ने सुवेंदु अधिकारी के साहस की सराहना करते हुए बताया कि उन्होंने ही सुवेंदु दा को ममता बनर्जी के घर में जाकर उन्हें चुनौती देने के लिए प्रेरित किया था। शाह ने 2021 के चुनावों को याद दिलाते हुए कहा कि उस समय ममता बनर्जी नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी से चुनाव हार गई थीं। उन्होंने भविष्यवाणी की कि इस बार ममता बनर्जी केवल भवानीपुर ही नहीं, बल्कि समूचे बंगाल से चुनाव हारेंगी। अमित शाह ने घोषणा की कि वे चुनाव के दौरान अगले 15 दिनों तक बंगाल में ही रहकर प्रचार की कमान संभालेंगे।

रोड शो के दौरान पूरा इलाका भगवा रंग में रंगा नजर आया और समर्थकों ने ‘जय श्री राम’ के नारों से आसमान गुंजा दिया। शाह के साथ वाहन पर सुवेंदु अधिकारी के अलावा स्वप्न दासगुप्ता, संतोष पाठक और प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य जैसे वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। शाह ने ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि जनता उन्हें ‘बाय-बाय और टाटा’ कह दे।

अपने भाषण में शाह ने बंगाल की ज्वलंत समस्याओं पर भी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता तोलाबाजी (रंगदारी), टीएमसी कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी, महिलाओं के प्रति असुरक्षा और घुसपैठ जैसी गंभीर समस्याओं से त्रस्त है। उन्होंने ममता सरकार पर भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बनाने और युवाओं को बेरोजगारी के दलदल में धकेलने का आरोप लगाया। शाह ने वादा किया कि भाजपा सरकार बनते ही अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा और एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुन कर बाहर निकाला जाएगा। गृह मंत्री का यह कड़ा रुख आगामी चुनावों में भाजपा की आक्रामक रणनीति को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

 

Pls read:WB: मेनका गुरुस्वामी बन सकती हैं देश की पहली एलजीबीटीक्यू सांसद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *