हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप पहुंचे, जहाँ उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के आगामी 7 मार्च के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल के चप्पे-चप्पे का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा और व्यवस्था के मामले में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान पुष्कर सिंह धामी ने मंच की संरचना, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और पार्किंग स्थलों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का आगमन राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी हो जानी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि खुफिया तंत्र को सक्रिय रखा जाए और दमकल व आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं हर समय अलर्ट मोड पर रहें।
शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को एक विस्तृत ‘ट्रैफिक प्लान’ तैयार करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के कारण हरिद्वार शहर में जाम की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए ताकि स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्किंग व्यवस्था को इस तरह नियोजित किया जाए कि वाहनों की आवाजाही सुगम बनी रहे।
बैठक के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय और हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्यमंत्री को अब तक की तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर लिया गया है और कार्य अंतिम चरण में हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सुरक्षा घेरे और वाहनों के सुचारू संचालन के लिए बनाए गए विशेष पार्किंग जोन के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी, हरिद्वार की मेयर किरन जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान और प्रदीप बत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, सिडकुल एमडी सौरभ गहरवार और मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित शासन के कई आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से एकजुट होकर इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। प्रशासन अब इस दौरे को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुट गया है।