नई दिल्ली/जामनगर। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी की रस्में जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक के विवाह का प्री-वेडिंग फंक्शन गुजरात के जामनगर स्थित मुकेश अंबानी के आवास से शुरू हुआ। गौरतलब है कि सानिया चंडोक मुंबई के एक प्रसिद्ध व्यवसायी की बेटी हैं। इस भव्य समारोह की शुरुआत उसी स्थान पर हुई जहाँ कुछ समय पूर्व अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट का विश्वचर्चित विवाह संपन्न हुआ था।
समारोह के दौरान अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेते हुए नजर आए। इस अवसर पर अंबानी परिवार के साथ-साथ कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। नीता अंबानी ने इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए अर्जुन के बचपन के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि यह स्थान उनके लिए बेहद खास है क्योंकि यहीं से अनंत और राधिका के वैवाहिक सफर की शुरुआत हुई थी। उन्होंने सचिन और अंजलि तेंदुलकर को अपने परिवार का अभिन्न हिस्सा बताया और अर्जुन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भावुक क्षणों के बीच सचिन तेंदुलकर ने भी मंच संभाला और अपने दिल की बात कही। उन्होंने अंबानी परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके बेटे के लिए इस नए सफर की शुरुआत के लिए इससे बेहतर जगह और कोई नहीं हो सकती थी। सचिन ने कहा कि जब एक बेटा अपने जीवनसाथी का परिचय अपने माता-पिता से कराता है, तभी अहसास होता है कि वह अब वास्तव में बड़ा हो गया है। उन्होंने अर्जुन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है और वे खुश हैं कि अर्जुन को सानिया के रूप में एक ऐसा जीवनसाथी मिला है जो उनसे अगाध प्रेम करती है।
अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक की शादी आगामी 5 मार्च को होने वाली है। इस शादी के लिए सचिन तेंदुलकर ने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश की कई बड़ी हस्तियों को निमंत्रण भेजा है, जिसके चलते इस विवाह को लेकर काफी चर्चाएं बनी हुई हैं। सोशल मीडिया पर प्री-वेडिंग की तस्वीरें और वीडियो इस समय जमकर वायरल हो रहे हैं, जिसमें तेंदुलकर और अंबानी परिवार के बीच के गहरे रिश्तों की झलक साफ देखी जा सकती है। मुंबई इंडियंस ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस नवयुगल को बधाई देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की है। अब सबकी नजरें 5 मार्च को होने वाले मुख्य वैवाहिक कार्यक्रम पर टिकी हैं।