रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्त्यमुनि विकासखंड स्थित ग्राम बीरों देवल पहुंचे। यहाँ उन्होंने 20 वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित हो रही मां चंडिका महावन्याथ देवरा यात्रा में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने मां चंडिका मंदिर में आयोजित महायज्ञ में भाग लिया और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए मां चंडिका से आशीर्वाद मांगा।
इस अवसर पर पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पुरातत्व विभाग के माध्यम से मां चंडिका मंदिर प्रांगण और मंदिर समूह का पुननिर्माण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, तहसील बसुकेदार में एक नए तहसील भवन का निर्माण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को धार्मिक और आध्यात्मिक संगम का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह महायज्ञ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जागरण का प्रतीक भी है।
मुख्यमंत्री ने जनसहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और समरसता को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की दिशा में अग्रसर है और सनातन संस्कृति को वैश्विक स्तर पर सम्मान मिल रहा है। उन्होंने वर्ष 2013 की आपदा के बाद केदारनाथ मंदिर में हुए पुनर्निर्माण कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि आज वहां का दिव्य और भव्य स्वरूप सबके सामने है।
पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के कड़े संकल्पों को दोहराते हुए कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा-निरोधक कानून जैसे सख्त कदम उठाए हैं। अब तक राज्य में 12 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है, जो देवभूमि की पवित्रता बचाने का एक अभियान है। उन्होंने यह भी गर्व के साथ कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की है।
मां चंडिका की यह दिवारा यात्रा 21 नवंबर 2025 को शुरू हुई थी, जिसने लगभग 26 गांवों का भ्रमण किया। 15 फरवरी से शुरू हुआ यह 9 दिवसीय महायज्ञ 24 फरवरी 2026 को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा, जिसके बाद मां अपने दिव्य स्थल पर विराजमान होंगी। इस कार्यक्रम के दौरान विधायक आशा नौटियाल, भरत चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित कई अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने इस दौरान मुख्यमंत्री को क्षेत्र की मांगों का एक पत्र भी सौंपा।
Pls read:Uttarakhand: उत्तराखंड में फिल्म नीति 2024 का बड़ा असर 25 फिल्मों को मिला करोड़ों का सरकारी अनुदान