Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 295 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास – The Hill News

Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 295 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रुद्रपुर के गांधी पार्क में ‘ऊधमसिंह नगर कार्निवल सरस आजीविका मेला-2026’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के चहुंमुखी विकास के लिए 295.21 करोड़ रुपये की कुल 61 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 123.91 करोड़ रुपये की 26 योजनाओं का लोकार्पण और 171.30 करोड़ रुपये की 35 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से चिकित्सा, लोनिवि, नगर निगम, खेल और शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के लिए पांच बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने मानसखंड कॉरिडोर के तहत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए एक भव्य शिव प्रतिमा स्थापित करने, नगर निगम के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में आवास निर्माण, भूरारानी और गंगापुर रोड के चौड़ीकरण, अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक मार्ग निर्माण और गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को दो करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने का ऐलान किया।

मुख्य कार्यक्रम से पहले पुष्कर सिंह धामी ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों के पैर पखारे और उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद वे त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक निकाली गई भव्य शिव बारात में भी शामिल हुए, जहां जनता ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मेले में उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्वयं मिट्टी के दीये बनाए तथा सूत कातकर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे बड़े प्रोजेक्ट्स जैसे 590 करोड़ का रुद्रपुर बाईपास, किच्छा में 351 करोड़ का एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की योजनाओं का जिक्र किया। धामी ने बंगाली समाज के अधिकारों पर बात करते हुए कहा कि उनके जाति प्रमाण पत्रों से ‘विस्थापित’ शब्द हटाकर दशकों पुराने भेदभाव को खत्म किया गया है और उन्हें नजूल भूमि पर मालिकाना हक दिया गया है।

कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया, जिसके फलस्वरूप 28 हजार युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिलीं। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) और अवैध मदरसों पर की गई कार्रवाई को देवभूमि की सांस्कृतिक अस्मिता और डेमोग्राफी की रक्षा के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया व एसएसपी अजय गणपति जैसे वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मेले की पहली रात ‘स्टार नाइट’ में मुख्यमंत्री ने शिव जागरण का भी शुभारंभ किया।

 

Pls read:Uttarakhand: डिग्री के साथ मानवता की सेवा का संकल्प लें युवा, स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बोले जेपी नड्डा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *