Uttarakhand: देहरादून में 17 दिनों में पांचवीं हत्या से दहली राजधानी, गैंगवार में गैंगस्टर की मौत – The Hill News

Uttarakhand: देहरादून में 17 दिनों में पांचवीं हत्या से दहली राजधानी, गैंगवार में गैंगस्टर की मौत

देहरादून। देवभूमि की राजधानी देहरादून इन दिनों रक्त रंजित है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे भीड़भाड़ वाले मॉल और बाजारों में दिनदहाड़े कत्ल कर रहे हैं। शुक्रवार, 13 फरवरी को राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में हुई गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या ने शहर को हिलाकर रख दिया है। पिछले मात्र 17 दिनों के भीतर यह पांचवीं बड़ी हत्या है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे विक्रम शर्मा (45) मॉल की सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था, तभी दो हमलावरों ने उसे गोलियों से भून दिया। पुलिस इसे स्पष्ट रूप से ‘गैंगवार’ मान रही है। मूल रूप से काशीपुर का रहने वाला विक्रम शर्मा रेसकोर्स में रहता था और उस पर हत्या के 30 मामलों सहित कुल 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। झारखंड की जेल में लंबे समय तक बंद रहा विक्रम हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। इस हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ और पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।

इससे पहले 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि खुद उसकी मां ने 14 करोड़ की डील के विवाद में शूटरों को सुपारी देकर अपने ही बेटे का कत्ल करवाया था। इस घटना के तीन दिन बाद ही मॉल में हुई हत्या ने दहशत को और बढ़ा दिया है।

अपराध की यह श्रृंखला 28 जनवरी से शुरू हुई थी, जब विकासनगर के ढालीपुर में 12वीं की छात्रा की उसके चचेरे भाई ने दरांती और पत्थर से वार कर निर्मम हत्या कर दी थी। इसके बाद 31 जनवरी की रात ऋषिकेश एम्स की अटेंडेंट प्रीति की उसके घर के दरवाजे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, 2 फरवरी को शहर के हृदय स्थल मच्छी बाजार में सरेआम युवती गुंजन का गला काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। गुंजन ने पहले ही पुलिस को अपनी जान के खतरे की सूचना दी थी, लेकिन पुलिस की लापरवाही ने उसकी जान ले ली।

लगातार हो रही इन हत्याओं ने देहरादून की छवि एक शांत शहर से बदलकर अपराध की नगरी के रूप में बना दी है। मॉल से लेकर बाजारों तक, हर जगह लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। एसएसपी और आईजी सहित तमाम बड़े अधिकारी घटनास्थल का दौरा तो कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर अपराधियों के भीतर कानून का खौफ नजर नहीं आ रहा है। गैंगवार से लेकर घरेलू रंजिश तक, हर प्रकार का अपराध शहर की सड़कों पर नग्न नाच कर रहा है, जो प्रशासन के लिए अब एक बड़ी चुनौती बन गया है।

 

Pls read:Uttarakhand: देहरादून में स्टोन क्रशर संचालक की दिनदहाड़े हत्या, सिल्वर सिटी मॉल की सीढ़ियों पर गोलियों से भूना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *