देहरादून। नववर्ष के मौके पर उत्तराखंड की जनता को एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हुईं 100 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 10 एसी और 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता को समर्पित किया जिससे राज्य की परिवहन सेवाओं में और विस्तार हुआ है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की स्मारिका ‘अनवरत’ और सड़क सुरक्षा पर आधारित एक कैलेंडर का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कठिन परिस्थितियों में भी अपनी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से काम करने वाले निगम के कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को एक नई ताकत देंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही राज्य की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की दुर्गम और पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों में एक मजबूत परिवहन व्यवस्था न केवल नागरिकों की सुविधा के लिए बल्कि आर्थिक विकास के लिए भी बेहद जरूरी है।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार परिवहन निगम को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक 13 से ज्यादा नए बस अड्डों और कार्यशालाओं का निर्माण पूरा किया जा चुका है और 14 अन्य स्थानों पर काम चल रहा है जिनमें 4 आईएसबीटी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल की जाएंगी जो प्रदूषण कम करने में मददगार साबित होंगी।
निगम की बसों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग और समय पर मेंटेनेंस जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इससे यात्रियों के साथ साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने निगम कर्मियों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा है। डीए में वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना और नई भर्तियों के जरिए मैनपावर की कमी को दूर करने जैसे कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार परिवहन निगम को केवल एक विभाग नहीं बल्कि सेवा का माध्यम मानती है और इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर और जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर और परिवहन निगम की एमडी रीना जोशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।