देहरादून। अल्मोड़ा जनपद में भिकियासैंण से रामनगर जा रही यात्री बस के भिकियासैंण विनायक मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगतों की आत्मा को शांति मिले और उनके शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को तत्काल प्रभाव से राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि हादसे में घायल सभी यात्रियों को बिना किसी देरी के त्वरित और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और जो गंभीर रूप से घायल हैं उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।
पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि वे खुद इस पूरे प्रकरण की लगातार निगरानी कर रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारियों से पल पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को हरसंभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं ताकि घायलों की जान बचाई जा सके। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।