Delhi: पैंतालीस वर्षीय नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने दिया अगली पीढ़ी को कमान सौंपने का संकेत – The Hill News

Delhi: पैंतालीस वर्षीय नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने दिया अगली पीढ़ी को कमान सौंपने का संकेत

भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपने फैसले से राजनीतिक पंडितों और कार्यकर्ताओं को चौंका दिया है। पार्टी ने संगठन की कमान एक युवा चेहरे के हाथों में सौंपने का बड़ा निर्णय लिया है। बिहार से पांच बार के विधायक और तीन बार मंत्री रह चुके 45 वर्षीय नितिन नवीन को तत्काल प्रभाव से पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को महज एक सामान्य पदस्थापन के तौर पर नहीं देखा जा रहा है बल्कि इसे पार्टी के भीतर भरोसे और बड़े संगठनात्मक परिवर्तन के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि जब तक नए पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो जाता तब तक नितिन नवीन ही यह अहम जिम्मेदारी संभालेंगे।

राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति के कई मायने निकाले जा रहे हैं। इसे आने वाले बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों और रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पार्टी ने उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष के नाम का फैसला किया था। चर्चा थी कि खरमास आने के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कुछ समय के लिए टल सकता है लेकिन पार्टी ने दूसरे ही दिन नितिन नवीन के नाम की घोषणा करके सबको हैरान कर दिया। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद जेपी नड्डा को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बना दिया गया था। नड्डा का अध्यक्षीय कार्यकाल जून 2024 में ही समाप्त हो चुका था और वे तब से विस्तार पर कार्य कर रहे थे। ऐसे में पार्टी को एक सक्रिय नेतृत्व की तलाश थी।

नितिन नवीन की नियुक्ति इस बात का भी स्पष्ट संकेत है कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की दिखाई दिशा पर ही आगे बढ़ेगी। खासकर छत्तीसगढ़ में प्रभारी के रूप में नितिन नवीन के कामकाज ने दोनों शीर्ष नेताओं को काफी प्रभावित किया था। वहां उन्होंने बूथ स्तर का प्रबंधन, संगठन का विस्तार और चुनावी तालमेल पर जैसा फोकस रखा उसका नतीजा पार्टी की निर्णायक जीत के रूप में सामने आया था। इसी सफलता के बाद यह माना जाने लगा था कि नितिन नवीन राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठन खड़ा करने की क्षमता रखते हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नितिन नवीन को इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर नितिन को एक मेहनती और संगठित सोच वाला नेता बताया है। उन्होंने बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में नितिन की प्रभावशाली सेवाओं की सराहना की है। वहीं राजनाथ सिंह ने उन्हें बिहार की धरती से निकला कर्मठ और ऊर्जावान कार्यकर्ता बताते हुए उम्मीद जताई है कि वे पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सफल होंगे।

नितिन की यह नियुक्ति यह संदेश भी देती है कि भाजपा में अब जेनरेशन नेक्स्ट यानी अगली पीढ़ी का काल शुरू हो चुका है। अध्यक्ष पद की दौड़ में तीसरी पंक्ति के कई बड़े नेता शामिल थे और संघ व भाजपा के समन्वय की भी बातें हो रही थीं लेकिन शीर्ष नेतृत्व ने युवा नितिन नवीन पर भरोसा जताया। सामाजिक समीकरणों के लिहाज से भी यह नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है। नितिन नवीन कायस्थ समाज से आते हैं। बिहार में भले ही इस समाज की आबादी एक प्रतिशत से कम हो लेकिन यह भाजपा का पारंपरिक और सबसे भरोसेमंद वोटर रहा है। यशवंत सिन्हा के बाद इस समाज के किसी नेता को संगठन में इतना ऊंचा पद मिलना एक बड़ा राजनीतिक संकेत है।

नितिन नवीन का पूरा राजनीतिक सफर भाजपा के भीतर ही फला-फूला है। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा पार्टी के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। पिता के निधन के बाद नितिन ने वर्ष 2006 में पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से राजनीति की कमान संभाली और तब से लगातार पांच बार वहां से जीत दर्ज की है। बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री रहते हुए उन्होंने एक सक्रिय और काम करने वाले मंत्री की छवि बनाई। उन्होंने अपनी राजनीति की शुरुआत भारतीय जनता युवा मोर्चा से की थी जहां उन्होंने राष्ट्रीय महामंत्री से लेकर बिहार प्रदेश अध्यक्ष तक की जिम्मेदारियां निभाईं। यही लंबा संगठनात्मक अनुभव उन्हें आज राष्ट्रीय स्तर की इस बड़ी जिम्मेदारी तक ले आया है।

 

Pls read:Bihar: तेजस्वी यादव ने विधानसभा में सरकार को चेताया और कहा हम नया बिहार बनाने आए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *