शिमला। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों शिमला की तुलना में सोलन, पालमपुर और हमीरपुर में रातें अधिक ठंडी दर्ज की जा रही हैं। सोमवार रात को शिमला का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सोलन में यह 5.3 डिग्री, सुंदरनगर में 5.8 डिग्री, पालमपुर में 5.5 डिग्री और हमीरपुर में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में दिन के समय तेज धूप खिलने के बावजूद अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में सबसे बड़ी गिरावट कुकुमसेरी में चार डिग्री और सेऊबाग में 2.4 डिग्री सेल्सियस की रही, जबकि कसौली में 3.2 डिग्री की वृद्धि देखी गई। पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस तक कम बना हुआ है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस का अंतर आया है। कुछ स्थानों पर इसमें वृद्धि हुई है, तो कुछ में गिरावट। ताबो में 2.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि अन्य स्थानों पर इसमें एक डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने 17 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है।
इस अवधि के दौरान शुष्क ठंड का दौर जारी रहेगा।
Pls read:Himachal: मुख्यमंत्री सुक्खू का AYUSH स्नातकोत्तर डॉक्टरों के लिए 100 प्रतिशत वेतन देने का निर्देश