Uttarpradesh: मुख्यमंत्री योगी ने एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप ट्रॉफी यात्रा का किया स्वागत, बोले- यूपी की धरती हॉकी के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज

 लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप 2025 की ट्रॉफी यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने गर्व के साथ कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती हॉकी के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में अंकित है। यहां के खिलाड़ियों ने न केवल भारत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी खेल के प्रति प्रेरित किया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित होने वाले एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप में भारत सहित कुल 24 टीमें भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी का उत्तर प्रदेश आना हमारे लिए अत्यंत गर्व और गौरव का क्षण है। यह प्रदेश की समृद्ध खेल परंपरा और हॉकी के क्षेत्र में उसके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है।

योगी आदित्यनाथ ने इस बात पर जोर दिया कि उत्तर प्रदेश हॉकी के कई दिग्गज खिलाड़ियों की जन्मभूमि रहा है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्म इसी प्रदेश में हुआ था, जिनके अद्भुत नेतृत्व में भारत ने तीन बार ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीते थे। उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने के उद्देश्य से मेरठ में एक स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की गई है, जहां अब प्रथम सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

उन्होंने यह भी बताया कि भारत को ओलंपिक में गौरव दिलाने वाले एक और महान खिलाड़ी, केडी सिंह बाबू का भी जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था। सरकार उनके बाराबंकी स्थित पैतृक आवास को एक संग्रहालय के रूप में विकसित कर रही है, ताकि नई पीढ़ी उन्हें जान सके और उनसे प्रेरणा ग्रहण कर सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने हमेशा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है। आज भी प्रदेश के अनेक युवा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं के माध्यम से नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। इस ट्रॉफी यात्रा का मुख्य उद्देश्य देशभर के युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि जगाना और खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा से पूरे देश में हॉकी के प्रति एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा, जो भारत की खेल संस्कृति को और समृद्ध करेगा। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव सहित कई अन्य खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

 

Pls read:Uttarpradesh:  जैश की आतंकी शाहीन का कानपुर से निकला कनेक्शन, परिवार स्तब्ध

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *