शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विश्व चैंपियन शिमला की बेटी रेणुका ठाकुर से मोबाइल फोन पर बात की। उन्होंने रेणुका सिंह ठाकुर के प्रदर्शन की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेणुका आपने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। मैंने आपका मैच देखा व बहुत अच्छा लगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने अपनी गेंदबाजी से विरोधी टीम पर काफी दबाव रखा। जिस कारण हम मैच व टूर्नामेंट जीत पाए।
एक करोड़ रुपये इनाम और नौकरी
मुख्यमंत्री ने एक करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा भी रेणुका ठाकुर के लिए की। साथ ही उन्होंने रेणुका के लिए सरकारी नौकरी का भी वादा किया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि पैसा आपको बीसीसीआई से भी मिलेगा, लेकिन आपने देश व प्रदेश का मान बढ़ाया है, इस कारण आपको प्रदेश सरकार की तरफ से एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने बेहतरीन प्रदर्शन से देश को विश्व विजेता बनाया है। मुख्यमंत्री ने रेणुका को भविष्य के लिए भी शुभकामना दी हैं।
रेणुका सिंह से मिलेंगे सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री ने रेणुका सिंह ठाकुर से कहा कि जब आप हिमाचल आएंगी तो आपसे मिलूंगा व आपकी नौकरी को लेकर बात करूंगा। हिमाचल सरकार की तरफ से रेणुका को सम्मानित किया जाएगा।
मां ने कई चुनौतियों का सामना करते हुए रेणुका को बनाया काबिल
रेणुका सिंह ठाकुर शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र के एक छोटे से गांव की निवासी हैं। तीन साल की उम्र में उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद मां ने ही कड़ी चुनौतियों का सामना करते हुए रेणुका को इस काबिल बनाया।
Pls read:Himachal: शिमला में गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने किया नमन