शिमला – हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य रजनी पाटिल शिमला पहुंची हैं. उन्होंने शनिवार सुबह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से उनके सरकारी आवास ओक ओवर में मुलाकात की. इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, सह-प्रभारी विदित चौधरी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान भी मौजूद रहे.
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जल्द ही नए अध्यक्ष की नियुक्ति प्रस्तावित है. ऐसे में मुख्यमंत्री सुक्खू और पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल के बीच हुई यह मुलाकात राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है. दोनों नेताओं के बीच आधा घंटा चर्चा हुई है, हालांकि इस मुलाकात के दौरान क्या चर्चा हुई इस पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. 13 अक्टूबर को होने वाले प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा के आने की भी संभावना है.
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर नेताओं में लॉबिंग तेज है. शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का नाम चर्चा में आगे चल रहा है. इसके अलावा भी अन्य नेताओं के नाम को लेकर चर्चा है.
बैठक के बाद रजनी पाटिल ठियोग विधानसभा क्षेत्र के नारकंडा के लिए रवाना हो गईं, जहां वह ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान में हिस्सा लेंगी. इसके बाद 13 अक्टूबर को वह राजधानी शिमला के रिज मैदान में आयोजित पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण समारोह में भी शामिल होंगी.
Pls reaD:Himachal: हिमाचल प्रदेश एक हरित राज्य की ओर मुख्यमंत्री सुक्खू ने की घोषणाएं