Himachal: प्रबोध सक्सेना बने हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड के अध्यक्ष, मुख्य सचिव पद पर अटकलें तेज

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त प्रबोध सक्सेना को राज्य विद्युत बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है। राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में अधिकारिक अधिसूचना आज बुधवार को जारी की जाएगी।

आईएएस अधिकारी प्रबोध सक्सेना मंगलवार को ही मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के कुछ ही घंटों बाद सरकार ने उन्हें बिजली बोर्ड की कमान सौंपने का निर्णय लिया। उन्होंने मंगलवार देर शाम सचिव (ऊर्जा) राकेश कंवर के कार्यालय में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया।

मौजूदा समय में बिजली बोर्ड के अध्यक्ष का कार्यभार संभाल रहे संजय गुप्ता को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सरकार के इस फैसले के बाद स्थिति कुछ हद तक स्पष्ट हो रही है कि अगला चीफ सेक्रेटरी कौन होगा।

कौन होगा मुख्य सचिव

अब सवाल यह उठ रहा है कि हिमाचल प्रदेश का अगला मुख्य सचिव कौन होगा। वरिष्ठता में केके पंत का नाम अब सबसे आगे माना जा रहा है। सरकार आज इस संबंध में घोषणा कर सकती है। संजय गुप्ता 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इस बीच केके पंत ही उनके बाद आते हैं। पंत 1993 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। केके पंत मूलतः उत्तराखंड के रहने वाले हैं।

सरकार ने संजय गुप्ता को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है, यह भी बड़ी जिम्मेदारी है। अब यह देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि अगला प्रशासनिक मुखिया कौन बनेगा।

महेश पठानिया को अंतिम दिन छह माह का सेवाविस्तार

प्रदेश सरकार ने सेवानिवृत्ति के अंतिम दिन लोक संपर्क विभाग में सेवारत अतिरिक्त निदेशक महेश पठानिया को छह माह का सेवाविस्तार प्रदान किया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव राकेश कंवर ने आदेश जारी किए।

 

Pls read:Himachal: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से की भेंट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *