मानसून की विदाई, देश के कई हिस्सों में शुष्क मौसम, कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच, पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई हो गई है, जबकि उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने कुछ राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में मौसम का हाल

सितंबर का महीना समाप्त होने वाला है, लेकिन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में उमस भरी गर्मी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, 28 से 30 सितंबर के बीच कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जो मानसून की विदाई से पहले राजधानी में हो सकती है।

राजस्थान से मानसून की वापसी

पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई हो गई है। इस साल मानसून की विदाई सामान्य से करीब दो दिन पहले हुई। आमतौर पर पश्चिमी राजस्थान से मानसून 17 सितंबर को वापसी करता है, लेकिन इस साल मानसून ने 15 सितंबर से ही वापसी शुरू कर दी। देश से मानसून की पूरी तरह से विदाई 15 अक्टूबर तक होती है। मानसून की विदाई के साथ तापमान में कमी देखने को मिलती है और मध्य नवंबर तक ठंड का आगमन शुरू हो जाता है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम

दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का सितम देखने को मिल रहा है, जहां सितंबर में जून जैसी गर्मी ने लोगों को परेशान किया है। आज, आईएमडी ने उत्तर प्रदेश को ग्रीन जोन में रखा है, जिसका मतलब है कि बारिश की संभावना बिल्कुल नहीं है।

वहीं, बिहार में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। बिहार से मानसून की विदाई हो रही है, और इस दौरान राज्य के कुछ जिलों में बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है।

केरल में भारी बारिश और स्कूलों में छुट्टी

जहां एक ओर उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्मी और बारिश का मिलाजुला मौसम है, वहीं केरल में भारी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। केरल के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस स्थिति को देखते हुए, तिरुवनंतपुरम के जिला कलेक्टर ने आज व्यावसायिक कॉलेजों सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि, निर्धारित सार्वजनिक परीक्षाएं अपने पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

क्या इस साल पहले आएगी ठंड?

चूंकि मानसून की विदाई पूरे देश से 30 सितंबर से शुरू हो जाएगी, ऐसे में 15 अक्टूबर तक पूरे देश से मानसून विदा हो जाएगा। माना जा रहा है कि अक्टूबर के अंत से सर्दी का मौसम दस्तक देने को पूरी तरह तैयार है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मध्य अक्टूबर से ही मौसम में बदलाव देखा जा सकता है। नवंबर महीने में उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरा देखने को मिलने लगेगा और दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में गुलाबी ठंड का एहसास होगा।

 

Pls read:Uttarakhand: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा एसआईटी करेगी जांच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *