Hockey: भारत ने एशिया कप-2025 में चीन को 4-3 से हराया, हरमनप्रीत का विजयी गोल

नई दिल्ली: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप-2025 की विजयी शुरुआत की है और शुक्रवार को खेले गए पहले मैच में चीन को 4-3 से हरा दिया। मैच काफी रोमांचक रहा और आखिरी क्वार्टर में स्कोरलाइन बराबरी पर थी। तभी हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए भारत को आगे किया और उनका यह गोल विजयी गोल साबित हुआ।

पूल-ए के मैच में दोनों टीमों के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला। हाफ टाइम तक टीम इंडिया 2-1 से आगे थी। इसके बाद चीन ने वापसी की और तीसरे क्वार्टर में दो गोल करते हुए स्कोर 3-3 कर लिया था। सभी की नज़रें चौथे क्वार्टर पर थीं। चौथे क्वार्टर में तीन मिनट ही हुए थे कि भारत को लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले और एक को हरमनप्रीत ने भुनाकर भारत को आगे कर दिया।

दमदार शुरुआत:

भारत ने शुरू से ही आक्रामक शुरुआत की। तीसरे मिनट में ही उसने गोल कर दिया था जिसे चीन ने रैफरल लेकर जाया करवा दिया। इसे फाउल दिया गया। भारत को यह मौका गंवाना भारी पड़ा। 12वें मिनट में चीन ने गोल कर बढ़त ले ली। उसने यह गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर किया। उसके लिए यह गोल डु शिहाक ने किया। पहले क्वार्टर का अंत चीन ने इसी स्कोर के साथ किया।

दूसरे क्वार्टर में टीम इंडिया हावी रही। उसने दो गोल करते हुए बढ़त ले ली। पहला गोल दूसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में आया। 18वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। कप्तान और पेनाल्टी कॉर्नर स्पेशलिस्ट पिच पर नहीं थे। ऐसे में जुगराज सिंह ने शॉट लिया और गेंद को नेट में डाल भारत को बराबरी पर ला दिया। दो मिनट बाद हरमनप्रीत सिंह ने अपने शानदार ड्रैग फ्लिक से भारत को आगे कर दिया। हाफ टाइम तक भारतीय टीम 2-1 से आगे थी।

आखिरी दो क्वार्टर का रोमांच:

मैच में अभी काफी कुछ होना था। तीसरे क्वार्टर में चीन की टीम आक्रामक खेल दिखाने लगी। उसे भारत से आगे जाना था और इसके लिए वह भरसक प्रयास कर रही थी। हालांकि, भारतीय टीम ने मौका पहले मारा और तीसरे क्वार्टर में तीसरे ही मिनट में अपना तीसरा गोल कर दिया। चीन के घेरे में भारत ने जगह बनाई और कप्तान हरमनप्रीत ने फिनिशिंग टच देते हुए गेंद को नेट में डाला।

चीन पर काफी दबाव था। दो मिनट बाद उसने गोल के अंतर को कम किया। उसे पेनाल्टी कॉर्नर मिला और मेहमान टीम के खाते में दूसरा गोल आ गया। तेन बेनहेई ने गोल कर अपना खाता खोला। 40वें मिनट में चीन ने एक और गोल कर दिया था जो डिसएलाउ कर दिया गया। इस बीच भारत के पास चौथा गोल करने का मौका आया जिसे कप्तान भुना नहीं सके।

चीन ने 41वें मिनट में मिले मौके को भुनाया और गोल करते हुए स्कोर 3-3 से बराबर कर लिया। उसके लिए बराबरी का गोल जेईशेंग गाओ ने किया। आखिरी क्वार्टर में तीन का सारी तरकीबें नाकाम रहीं और भारत ने मैच विजयी गोल करते हुए जीत हासिल की।

 

Pls read:Cricket: मोहम्मद शमी का दलीप ट्रॉफी में खराब प्रदर्शन, 100 रन लुटाकर लिया सिर्फ एक विकेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *