Uttarpradesh: कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि, ‘बाबूजी’ को बताया राम मंदिर आंदोलन का महानायक – The Hill News

Uttarpradesh: कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि, ‘बाबूजी’ को बताया राम मंदिर आंदोलन का महानायक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल, ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) संदेश में कल्याण सिंह को याद करते हुए लिखा, “राजस्थान के पूर्व राज्यपाल, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, परम रामभक्त, ‘पद्म विभूषण’, श्रद्धेय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! श्रद्धेय ‘बाबूजी’ असाधारण व्यक्तित्व के साथ अपने मूल्यों, आदर्शों पर सदैव अडिग रहे। अपनी प्रशासनिक दक्षता से उन्होंने देश और प्रदेश की राजनीति को नई दिशा दी। उनकी पावन स्मृतियों को कोटि-कोटि नमन!”

कल्याण सिंह, जिन्हें लोग प्यार से ‘बाबूजी’ कहते थे, सिर्फ एक कुशल प्रशासक ही नहीं थे, बल्कि राम मंदिर आंदोलन के महानायकों में से एक के रूप में भी जाने जाते हैं। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

अलीगढ़ के मढ़ौली गांव में 5 जनवरी 1932 को जन्मे कल्याण सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1967 में अतरौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनकर की थी। वह दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के पद पर रहे और बाद में राजस्थान के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएँ दीं। उनकी प्रशासनिक क्षमता और सिद्धांतों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता उन्हें भारतीय राजनीति में एक विशिष्ट स्थान दिलाती है।

 

Pls read:Uttarpradesh: भूनी टोल प्लाजा में घायल सैनिक कपिल पंवार बोले- ‘शरीर की चोट ठीक हो जाएगी, मन का घाव कभी नहीं भरेगा’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *