देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण किया और राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने हाल ही में प्रदेश के धराली और अन्य क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदा में अपनी जान गंवाने वाले लोगों को भी याद किया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास की सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएंगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है और अमर बलिदानियों के सपनों के अनुरूप देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उत्तराखंड में भी नवनिर्माण और पुनर्निर्माण के कार्य तेजी से गति पकड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने इस बात पर जोर दिया कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी 25 वर्षों की योजनाओं पर काम किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जन सहयोग से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाना है।