देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के बाद प्रदेश में गलत तरीके से सरकारी दस्तावेज हासिल करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन लोगों ने गलत तरीके से राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य दस्तावेज प्राप्त किए हैं, उनके साथ-साथ ऐसे कार्ड बनाने में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारियों द्वारा तेजी से कार्रवाई की जा रही है। अब तक पौड़ी, बागेश्वर और देहरादून जिलों द्वारा अपात्र राशन कार्डों को निरस्त करने का विवरण उपलब्ध कराया गया है। इसके तहत:
-
जनपद पौड़ी: राशन कार्ड सत्यापन के दौरान 961 अपात्र कार्डधारकों के राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं।
-
जनपद बागेश्वर: 5307 राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं।
-
जनपद देहरादून: 3332 राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड और आयुष्मान कार्ड आदि धारकों की सही पहचान करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र व्यक्तियों को ही मिल सके। उन्होंने कहा कि इससे न केवल योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में मदद मिलेगी, बल्कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जन सुविधाएं प्राप्त करने वालों की भी पहचान हो सकेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी जिलाधिकारियों द्वारा अपने-अपने जिलों में इन सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों का सत्यापन अभियान सघनता से चलाया जा रहा है।