लुधियाना। पंजाब समेत उत्तर भारत में गर्मी फिर से बढ़ने लगी है। रविवार को पंजाब के सभी जिलों में दिन में लू जैसी स्थिति रही और शाम को भी गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बठिंडा सबसे गर्म रहा, जबकि लुधियाना में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को भी पंजाब में लू चलने की संभावना है। लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। 14 जून को हल्की बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ रही है, जहाँ श्रीगंगानगर में तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक है।

हिमाचल में ऊना सबसे गर्म
हिमाचल प्रदेश के निचले इलाकों में रविवार को दिन भर धूप खिली रही, जबकि दोपहर बाद शिमला सहित ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्के बादल छाए रहे। प्रदेश में ऊना का अधिकतम तापमान 2.4 डिग्री की वृद्धि के साथ 41.6 डिग्री सेल्सियस पहुँच गया। केलंग में अधिकतम तापमान जून 2023 के बाद 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 12 जून तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार हो रहा है और बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 2.59 लाख हो गई है।