देहरादून: उत्तराखंड भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास ने 15 जून तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होने के संकेत दिए हैं। शुक्रवार को उत्तराखंड पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने भी इस ओर इशारा किया है।
पहलगाम में आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के कारण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव शुरू नहीं हो पाया था। हालांकि, पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि प्रदेश संगठन को 30 अप्रैल तक नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। अब जबकि भारत-पाक सीमा पर तनाव कम हुआ है और हालात सामान्य हो रहे हैं, भाजपा अपनी सांगठनिक गतिविधियों में जुट गई है।

भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने हैं। उत्तराखंड में यह प्रक्रिया 15 जून तक कभी भी शुरू हो सकती है। केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराने के लिए कभी भी पर्यवेक्षक की घोषणा कर सकता है और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के साथ ही चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
इस समय प्रदेश संगठन की कमान राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के हाथों में है। प्रदेश अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले उन्हें ही इस पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था, लेकिन बदली परिस्थितियों में अन्य दावेदारों के नाम भी सामने आ सकते हैं।