शिमला: मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा आज मुद्दाविहीन और नेताविहीन पार्टी हो गई है। भाजपा नेताओं में नेतृत्व को लेकर छटपटाहट है, वे अपनी नेतागिरी चमकाने के लिए भाजपा हाईकमान के साथ संपर्क बनाए रखते हैं।
चौहान ने कहा कि हर्ष महाजन को कांग्रेस से भाजपा में गए अभी एक साल ही हुआ है, लेकिन भाजपा हाईकमान में उनके संपर्कों को लेकर पार्टी के भीतर जो स्थिति बनी है, उससे भी नेताओं में बेचैनी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता अपनी पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी कलह और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस पार्टी और सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।
सरकार के मंत्रियों के बारे में इंटरनेट मीडिया पर हो रहे दुष्प्रचार पर उन्होंने कहा कि यह भाजपा की सोची-समझी चाल है। वे इस तरह की अफवाहें फैलाकर सरकार को बदनाम करने और उसे गिराने की साजिश कर रहे हैं।
चौहान ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मजबूती से काम कर रही है। व्यवस्था परिवर्तन की सोच के साथ लिए गए फैसलों से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में दिखाई देंगे।
नरेश चौहान ने विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर को नसीहत दी कि वे कांग्रेस पार्टी या सरकार के कामकाज पर अनावश्यक बयानबाजी करने के बजाय अपनी पार्टी के काम पर ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार को सत्ता में आए दो साल से ज़्यादा समय हो गया है, लेकिन भाजपा नेताओं ने कभी भी प्रदेश हित या जनहित में सरकार का सहयोग नहीं किया। लोकसभा में हिमाचल से भाजपा के चार सांसद होने के बावजूद उन्होंने कभी भी हिमाचल के हितों और अधिकारों की पैरवी नहीं की।