प्रयागराज: केंद्र सरकार के पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश सरकार सक्रिय हो गई है। प्रयागराज जिले से एक पाकिस्तानी महिला को शुक्रवार को वापस भेज दिया गया, जबकि शेष तीन महिलाएं शनिवार को वापस जाएंगी।
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया, “पाकिस्तान की एक महिला शुक्रवार को यहां से जा चुकी है, जबकि तीन पाकिस्तानी महिलाओं से हमने बात कर ली है और वे शनिवार को यहां से चली जाएंगी।” गाबा ने बताया कि ये सभी महिलाएं अल्पकालिक अवधि के लिए यहां आई थीं, जिनमें से एक महिला इलाज के लिए आई थी। पुलिस स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) के संपर्क में है और स्थिति पर नज़र रख रही है। गाबा ने कहा कि पूरे प्रयागराज जिले में कुल चार पाकिस्तानी नागरिक आए थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की और उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पाकिस्तानी नागरिक भारत छोड़ने की समय सीमा से अधिक समय तक देश में न रहे।
भारत ने गुरुवार को पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा 27 अप्रैल से रद्द करने की घोषणा की थी। साथ ही, सरकार ने पाकिस्तान में रहने वाले भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द स्वदेश लौटने की सलाह दी थी। मंगलवार को पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। इस हमले में ज्यादातर पर्यटकों सहित 26 लोग मारे गए थे।
Pls read:Uttarpradesh: यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम: गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने बाजी मारी