आगरा: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बुधवार को अपनी पत्नी उषा और तीन बच्चों के साथ ताजमहल का दीदार किया। सुबह 10:20 बजे शिल्पग्राम से बैटरी कार द्वारा ताजमहल पहुँचे वेंस ने लगभग एक घंटे 10 मिनट तक स्मारक की खूबसूरती निहारी। ताजमहल की वास्तुकला और पच्चीकारी ने उन्हें विशेष रूप से आकर्षित किया।
गाइड नितिन सिंह ने उन्हें ताजमहल के इतिहास और इससे जुड़ी जानकारी दी। सुरक्षा कारणों से उन्हें यमुना किनारे जाने की अनुमति नहीं दी गई। डायना बेंच पर उन्होंने अपने परिवार के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
मुख्य मकबरे में वेंस और उनके परिवार ने पच्चीकारी और वास्तुकला को करीब से देखा और जानकारी ली। इतिहास में स्नातक उनकी पत्नी उषा ने गाइड से कई सवाल पूछे। वेंस ने गाइड से पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के ताजमहल दौरे के बारे में भी जानकारी ली।

ताजमहल की यात्रा के बाद वेंस ने इसे सच्चे प्यार, मानवीय सरलता और भारत की महान संस्कृति के प्रति श्रद्धांजलि बताया।
इससे पहले, वेंस सुबह 9:40 बजे एयरफोर्स टू विमान से आगरा वायुसेना स्टेशन पहुंचे, जहाँ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर उनके लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। ताजमहल में उनके लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और आम पर्यटकों के लिए प्रवेश कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। उनके जाने के बाद ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया.
Pls read:Uttarpradesh: उत्तर प्रदेश में 33 आईएएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के डीएम बदले गए