शिमला: हिमाचल प्रदेश ने 15 अप्रैल को अपना 78वां स्थापना दिवस मनाया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम चंबा जिले के दुर्गम क्षेत्र पांगी में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ध्वजारोहण किया। अन्य जिलों में कैबिनेट मंत्रियों ने ध्वजारोहण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। पांगी में मुख्यमंत्री ने किलाड़ हेलीपैड में सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया और कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर भी उपस्थित थे।
पांगी के लिए मुख्यमंत्री की घोषणाएं:
-
प्राकृतिक खेती के तहत उगाई गई जौ की 60 रुपये न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद।
-
10 लीटर क्षमता वाले दूध संयंत्र (मिल्क प्लांट) की स्थापना।
-
सिविल अस्पताल पांगी को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करना और 6 डॉक्टरों की नियुक्ति।
-
पांगी घाटी में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलना।
-
साच में तहसील का गठन।
-
पांगी डिवीजन को राज्य का पहला प्राकृतिक खेती सब-डिवीजन बनाना और इसके लिए 5 करोड़ रुपये आवंटित करना।
-
बेरोजगार युवाओं के लिए 20 बस परमिट जारी करना और डीजल बस खरीद पर 40% सब्सिडी देना।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार पांगी क्षेत्र में 62 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम कर रही है।
कर्मचारियों के लिए डीए की तीन किस्तें:
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य के कर्मचारियों को 1 जून से महंगाई भत्ते (डीए) की 3% अतिरिक्त किस्त मिलेगी। इसके साथ ही कर्मचारियों को अब तक कुल 14% डीए दिया जा चुका है. 70 से 75 साल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 1 जून से बकाया एरियर का भुगतान किया जाएगा।
महिलाओं के लिए इंदिरा गांधी सम्मान निधि:
मुख्यमंत्री ने पांगी की महिलाओं को इंदिरा गांधी सम्मान निधि योजना के तहत 1500-1500 रुपये की तीन किस्तें (अप्रैल, मई और जून) जारी करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य की अन्य पात्र महिलाओं को भी जल्द ही यह सम्मान निधि मिलेगी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम:
-
सिरमौर के नाहन में जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए.
-
सोलन के ठोडो मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योग, संसदीय कार्य और श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने की। यहां भी परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किए गए.
Pls read:Himachal Divas: देवभूमि के गौरवशाली इतिहास और वर्तमान चुनौतियों का अवलोकन