Himachal: चीफ़ इंजीनियर आत्महत्या मामला: पुलिस ने HPPC ऑफिस से रिकॉर्ड ज़ब्त किया – The Hill News

Himachal: चीफ़ इंजीनियर आत्महत्या मामला: पुलिस ने HPPC ऑफिस से रिकॉर्ड ज़ब्त किया

शिमला: हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPPCL) के चीफ़ इंजीनियर विमल नेगी की आत्महत्या मामले में पुलिस ने कॉर्पोरेशन के कार्यालय से रिकॉर्ड ज़ब्त किया है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की गई है। पुलिस रिकॉर्ड की जाँच करके यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नेगी को आत्महत्या के लिए किन परिस्थितियों में मजबूर होना पड़ा।

ज़ब्त किए गए रिकॉर्ड में हाल की बैठकों के विवरण, कार्यवाही, नेगी की छुट्टियों का ब्यौरा, उनके कार्यक्षेत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज़ शामिल हैं। पुलिस टीम रिकॉर्ड की गहनता से जाँच कर रही है।

इससे पहले पुलिस ने नेगी के विभाग से जुड़े 20 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की थी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नेगी किन कारणों से मानसिक दबाव में थे।

पुलिस नेगी की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जाँच कर रही है। नेगी की पत्नी ने कुछ उच्च अधिकारियों पर ग़लत काम करने का दबाव बनाने और उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया था। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या नेगी को कोई कारण बताओ नोटिस या विभागीय जांच का सामना करना पड़ रहा था।

प्रशासनिक जांच शुरू:

इस मामले में सोमवार से प्रशासनिक जांच भी शुरू हो गई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) ओंकार शर्मा को 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

नेगी के परिजनों ने उनकी मौत को लेकर शिमला में धरना-प्रदर्शन किया था और विपक्ष ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था। हालाँकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है और शरीर पर किसी चोट का निशान नहीं मिला है।

 

Pls read:Himachal: धर्मशाला में भारत-दक्षिण अफ़्रीका टी-20 मैच, दिसंबर में होगी मेज़बानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *