गोंडा: केंद्र सरकार ने भारतीय कुश्ती संघ को बहाल कर दिया है। लगभग 26 महीने के लंबे संघर्ष के बाद कुश्ती संघ की बहाली हुई है। यह जानकारी भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपने नवाबगंज स्थित आवास पर दी।
उन्होंने कुश्ती संघ की बहाली के लिए केंद्र सरकार और खेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में सबसे ज़्यादा नुकसान खिलाड़ियों का हुआ है, खासकर जूनियर और कमजोर राज्यों के खिलाड़ियों का। लेकिन “देर आए दुरुस्त आए”।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि 26 महीने बाद कुश्ती पर छाए संकट के बादल हट गए हैं और “षडयंत्रकारियों” (धरना देने वाले पहलवानों) की मंशा पूरी नहीं हुई। उन्होंने भारतीय कुश्ती संघ से पहले जितने टूर्नामेंट होते थे, उतने कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस विवाद के कारण कई खिलाड़ियों ने कुश्ती छोड़ दी थी और उनमें निराशा छा गई थी।
उन्होंने खिलाड़ियों, उनके माता-पिता, कोच और अखाड़ा संचालकों से अपील की कि वे एक बार फिर कुश्ती को करियर के रूप में अपनाएं। उन्होंने भारतीय कुश्ती संघ से केंद्र सरकार से बात करके प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि अच्छे परिवारों के बच्चे अपना खर्च खुद उठा सकते हैं, लेकिन गरीब परिवारों और कमजोर राज्यों के बच्चों को इन शिविरों में ही भरपेट भोजन और प्रशिक्षण मिलता है।
Pls read:Cricket: चैंपियंस ट्रॉफी समापन समारोह में PCB अधिकारियों की अनुपस्थिति पर विवाद, ICC ने दी सफाई