शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को प्रयागराज महाकुंभ में त्रिवेणी संगम पर परिवार सहित स्नान किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की खुशहाली और प्रदेशवासियों के सुख, शांति और स्वास्थ्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ भारतीय संस्कृति और आस्था का केंद्र है। उनके साथ उनकी पत्नी विधायक कमलेश ठाकुर, बेटियां, राजनीतिक सलाहकार सुनील बिट्टू और प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान भी मौजूद थे।
सोशल मीडिया पर साझा किए अनुभव:
मुख्यमंत्री सुक्खू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने लिखा, “आज परिवार के साथ महाकुंभ त्रिवेणी संगम में स्नान कर समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। त्रिवेणी सदियों से केवल एक जलधारा नहीं है। यह हमारी आस्था, परंपरा और समरसता का जीवंत प्रतीक है। यहां लहरें पूर्वजों की श्रद्धा, संकल्पों और सनातन मूल्यों की साक्षी हैं। पीढ़ियां बदलीं, समय आगे बढ़ा, पर इस पावन संगम ने हर युग में मानवता को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। प्रयाग की महत्ता अडिग है, अनंत है।”
बुधवार को शिमला लौटेंगे मुख्यमंत्री:
मुख्यमंत्री सुक्खू प्रयागराज से दिल्ली पहुंच गए हैं और बुधवार को शिमला लौटेंगे। बजट सत्र शुरू होने से पहले मंत्रिमंडल की बैठक होने की संभावना है, जिसमें बजट सत्र के दौरान लाए जाने वाले संशोधन विधेयकों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री 27 फरवरी को मंडी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव में भी शामिल होंगे।
Pls read:Himachal: हिमाचल में फिर लौटी ठंड, रोहतांग समेत कई दर्रों पर बर्फबारी