
शिमला: हिमाचल प्रदेश में रोहतांग, शिंकुला, कुंजम और बारालाचा दर्रों सहित ऊंची चोटियों पर रविवार को हल्की बर्फबारी हुई। लाहुल और कुल्लू-मनाली में बादल छाए रहे और बर्फबारी की संभावना बनी रही। रोहतांग के पार चंद्रताल, लेडी ऑफ केलंग और दारचा की पहाड़ियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई।
मैदानी इलाकों में धूप खिलने से तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। तापमान में सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी ताबो में 5.2, चंबा में 4.1, भुंतर, मनाली और धौलाकुआं में तीन डिग्री से ज़्यादा और शिमला में 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई।
सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 25.7, भुंतर में 24.5, ऊना में 28.0, नाहन में 23.9 और सोलन में 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। लाहुल घाटी में बर्फबारी के कारण बस सेवाएं बंद रहीं। मौसम विभाग के अनुसार, 11 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है।
ऊना में रविवार को 2023 के बाद फरवरी का सबसे गर्म दिन रहा। ऊना का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धुंध के कारण हिमाचल एक्सप्रेस 19 मिनट और वंदे भारत एक्सप्रेस 15 मिनट की देरी से चलीं। कालका-शिमला रेल मार्ग पर ट्रेनें समय पर रहीं। कुल्लू के भुंतर, शिमला के जुब्बड़हट्टी और कांगड़ा के गगल हवाई अड्डों पर हवाई सेवाएं सामान्य रहीं।
Pls read:Himachal: एक साल में देंगे 25 हजार सरकारी नौकरियां- सीएम सुक्खू