
छतर सिंह ठाकुर ने संभाला युवा कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार
शिमला: छतर सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया. राजीव भवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह उपस्थित रहीं.
सुक्खू ने अपने युवा कांग्रेस के दिनों को याद करते हुए कहा कि कई युवा कांग्रेस नेता, जिनमें वर्तमान सरकार के चार मंत्री और कई विधायक शामिल हैं, छात्र राजनीति से उभरकर आगे बढ़े हैं. उन्होंने सरकारी क्षेत्र में 25 हज़ार नौकरियां देने, वन मित्रों की भर्ती और पुलिस भर्ती शुरू होने का भी ज़िक्र किया.
प्रतिभा सिंह ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु ने कहा कि संगठन का काम और सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाना युवा कांग्रेस की जिम्मेदारी है. उन्होंने अमेरिका से भारतीयों को हथकड़ी लगाकर निर्वासित करने की भी निंदा की.
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों को समझने और मुख्यमंत्री के नक्शेकदम पर चलने का आह्वान किया.
Pls read:Himachal: हिमाचल के मेधावी छात्र पहली बार विदेश यात्रा पर