
शिमला। हिमाचल प्रदेश में रविवार को धूप खिलने के बावजूद ठंड का प्रकोप जारी रहा। हालांकि दिन में धूप से कुछ राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग ने शीतलहर जारी रहने का अनुमान जताया है। 2 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 5 जनवरी तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और अन्य क्षेत्रों में बारिश की संभावना है।
ऊना, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इससे न्यूनतम तापमान में और गिरावट की आशंका है, जबकि धूप खिलने से अधिकतम तापमान में कुछ वृद्धि हो सकती है।
रविवार को धूप खिलने से तापमान में चार से आठ डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई. बरठीं और बजौरा में आठ डिग्री से अधिक, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा में सात डिग्री से अधिक, तथा शिमला और मनाली में छह डिग्री से अधिक की वृद्धि हुई.
राज्य में तीन राष्ट्रीय राजमार्गों सहित लगभग 300 सड़कें बंद हैं, जिनमें ज्यादातर लिंक रोड हैं. न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है.
विशेष सचिव राजस्व एवं निदेशक आपदा प्रबंधन डीसी राणा ने बताया कि सड़कों के बंद होने की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी, क्योंकि इससे पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी.
छितकुल में फंसे पर्यटक:

किन्नौर जिले के छितकुल में बर्फबारी के कारण लगभग 50 पर्यटक फंसे हुए हैं. मार्ग बंद होने के कारण पर्यटक होटलों और गेस्ट हाउस में ही रुके हुए हैं. फंसे हुए पर्यटकों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं. हरियाणा के पर्यटक शुभम भारद्वाज की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया है.
तापमान:
स्थान | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
शिमला | 3.4 | 13.0 |
सुंदरनगर | 7.9 | 20.0 |
भुंतर | 4.0 | 18.3 |
कल्पा | -3.4 | 4.2 |
धर्मशाला | 4.4 | 16.9 |
ऊना | 5.0 | 21.6 |
नाहन | 6.6 | 19.9 |
Pls read:Himachal: मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया