नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर मौजूद नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर ने इस क्रिसमस को एक यादगार तरीके से मनाया। सांता की टोपी पहने और क्रिसमस की सजावट के बीच उनकी तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्होंने लोगों का दिल जीत लिया है। हालांकि, इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस भी छेड़ दी है।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
नासा द्वारा जारी की गई तस्वीरों में सुनीता विलियम्स और उनके साथी सांता की टोपी पहने नज़र आ रहे हैं। इन तस्वीरों को देखकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि क्या सुनीता विलियम्स अपने साथ क्रिसमस की टोपी और सजावट का सामान लेकर गई थीं? अगर ऐसा है, तो इसका मतलब है कि उन्हें लंबे मिशन पर भेजा गया था और यह बात जनता से छिपाई गई। एक अन्य यूजर ने लिखा, “ये वही लोग हैं जो जून में 8-दिवसीय मिशन के लिए गए थे?”
नासा ने दिया जवाब
बढ़ते विवाद को देखते हुए नासा ने इस मामले पर अपनी सफाई पेश की है। नासा ने स्पष्ट किया कि ISS पर भेजे गए ताजा सामान में क्रिसमस की सजावट, विशेष उपहार और उत्सव के लिए खाने-पीने की चीजें शामिल थीं। यह सामान नवंबर के अंत में स्पेसएक्स के जरिए भेजा गया था। नासा ने बताया कि हर साल ISS पर तैनात अंतरिक्ष यात्रियों के लिए ताजा राशन और आवश्यक सामग्री के साथ-साथ त्योहारों के लिए विशेष सामान भी भेजा जाता है।
अंतरिक्ष यात्रियों के लिए विशेष पैकेज
ISS पर मौजूद सात अंतरिक्ष यात्रियों और कॉस्मोनॉट्स के लिए भेजे गए पैकेज में हैम, टर्की, सब्जियां, पाई और कुकीज जैसे स्वादिष्ट व्यंजन शामिल थे। इसके अलावा, सांता की टोपी और एक छोटा क्रिसमस ट्री भी भेजा गया था। सुनीता और बुच ने इन सजावटों के साथ अपने क्रिसमस सेलिब्रेशन का वीडियो ऑनलाइन शेयर किया है।
फिर टली वापसी
सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर की पृथ्वी पर वापसी एक बार फिर टल गई है। अब उनकी वापसी मार्च 2025 के अंत तक स्पेसएक्स के क्रू ड्रैगन कैप्सूल से होने की उम्मीद है। इससे पहले, उनकी वापसी फरवरी 2025 में तय की गई थी।
थैंक्सगिविंग भी मनाया था अंतरिक्ष में
इससे पहले, ISS पर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों ने थैंक्सगिविंग भी धूमधाम से मनाया था। अब वे अंतरिक्ष में ही क्रिसमस और नए साल का जश्न मना रहे हैं। सुनीता और बुच शुरू में केवल आठ दिन की यात्रा के लिए गए थे, लेकिन तकनीकी और अन्य समस्याओं के कारण उन्हें लगभग एक साल अंतरिक्ष में बिताना पड़ रहा है।
Pls read:US: ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में WHO से अलग होगा अमेरिका