देहरादून। विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस आज बुधवार को राजभवन कूच करेगी। प्रदेश भर से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय, राजपुर रोड पर जुट रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं और उन्हें राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि पार्टी राज्य के ज्वलंत मुद्दों को और मुखरता से उठाएगी और सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारी वार्ड और बूथ स्तर पर चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। शर्मा ने कहा कि राजभवन कूच में प्रदेश कांग्रेस, महानगर कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन सिर्फ़ उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पूरे देश में ज़ोरदार प्रदर्शन होगा।
माहारा ने कार्यकर्ताओं से की एकजुटता की अपील:
प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि पार्टी आगामी नगर निकाय चुनावों में उन कार्यकर्ताओं को वरीयता देगी जिन्होंने संगठन के लिए समर्पित होकर काम किया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सारे मामलों पर ज्ञान देते हैं, लेकिन मणिपुर की बिगड़ती स्थिति पर चुप हैं। माहरा ने सभी कार्यकर्ताओं से राजभवन कूच में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
नेता प्रतिपक्ष ने कार्यकर्ताओं से कही एकता बनाए रखने की बात:
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कार्यकर्ताओं से एकता बनाए रखने और कूच को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के “गलत” कामों के खिलाफ यह लड़ाई बदस्तूर जारी रहनी चाहिए. महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि निकाय चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियां पूरी हैं।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद:
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली, प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, महिंद्रा नेगी गुरु, प्रदीप जोशी, याकूब सिद्दीकी आदि वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
Pls read:Uttarakhand: भैरवनाथ मंदिर में अनादर का वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मामला