
नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइंस ने तकनीकी खराबी के कारण इस्तांबुल में फंसे सैकड़ों भारतीय यात्रियों को वापस लाने के लिए राहत विमान भेजने का फैसला किया है। पिछले दो दिनों में इंडिगो की दो उड़ानें तकनीकी कारणों से रद्द हो गई थीं, जिसके कारण इस्तांबुल हवाई अड्डे पर कई भारतीय फंस गए थे।
यात्रियों ने लगाए थे आरोप
सोशल मीडिया पर फंसे हुए यात्रियों के वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें इंडिगो पर यात्रियों को उचित सुविधाएं और सही जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया गया था। यात्रियों ने बताया था कि उन्हें होटल और खाने-पीने की व्यवस्था नहीं की गई थी।
20 घंटे में वापसी की संभावना
इंडिगो ने एक बयान जारी कर कहा है कि राहत विमान भेजकर फंसे हुए सभी यात्रियों को अगले 20 घंटे के अंदर वापस लाने की तैयारी है। एयरलाइन ने यह भी कहा है कि वह इस असुविधा के लिए यात्रियों से क्षमा प्रार्थी है।
रद्द हुई थीं दो उड़ानें

इस्तांबुल से दिल्ली और इस्तांबुल से मुंबई आने वाली इंडिगो की दो उड़ानें रद्द हो गई थीं। इन उड़ानों के रद्द होने से करीब 500 यात्री प्रभावित हुए थे। इंडिगो इस रूट पर बोइंग 777 विमान का इस्तेमाल करती है, जिसमें लगभग 500 यात्री सफर कर सकते हैं।
भारतीय दूतावास ने दिया था आश्वासन
इस्तांबुल स्थित भारतीय दूतावास ने कहा था कि वह एयरलाइन के संपर्क में है और फंसे हुए यात्रियों को भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इंडिगो की खराब रैंकिंग
हाल ही में जारी एयरहेल्प स्कोर रिपोर्ट 2024 में इंडिगो को दुनिया की सबसे खराब एयरलाइंस में से एक बताया गया था। इंडिगो को 109 एयरलाइंस की सूची में 103वां स्थान मिला था।
दिल्ली-जेद्दा उड़ान की कराची में आपातकालीन लैंडिंग
इस बीच, दिल्ली से सऊदी अरब के जेद्दा जा रही इंडिगो की एक उड़ान की पाकिस्तान के कराची में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। एक यात्री की तबीयत बिगड़ने के कारण विमान को कराची में उतारना पड़ा।
PLs read:Syria: इस्तांबुल हवाई अड्डे पर फंसे 400 इंडिगो यात्री, एयरलाइन ने मांगी माफ़ी