Uttarakhand: देवभूमि में अपराधियों से सख्ती से निपटेगी सरकार: मुख्यमंत्री धामी – The Hill News

Uttarakhand: देवभूमि में अपराधियों से सख्ती से निपटेगी सरकार: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि देवभूमि के शांतिपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने वाले आपराधिक तत्वों से सरकार सख्ती से निपटेगी। उन्होंने कहा कि देवभूमि के लोग शांतिप्रिय हैं, लेकिन यदि कोई आपराधिक प्रवृत्ति के लोग यहां आकर अशांति फैलाएंगे या कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास करेंगे तो उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सोमवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आपराधिक तत्वों को चिह्नित करने के लिए राज्य में वृहद सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसमें कानून अपना काम करेगा और अपराधिक तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश पुलिस प्रशासन को दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से मतांतरण, लव जिहाद, डकैती जैसी घटनाओं को लेकर हाल में समीक्षा की थी। तब उन्होंने इन प्रकरणों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

धामी ने जनसांख्यिकीय परिवर्तन की समस्या के समाधान के लिए सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उत्तराखंड अन्य प्रदेशों के अपराधियों की शरणस्थली न बने, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सीमावर्ती जिलों में सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।

मुख्यमंत्री ने फिर से कहा है कि राज्य में अपराध को लेकर सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही है। अपराधियों के मन में पुलिस का भय और आमजन में भरोसा बढ़ना चाहिए, इस दृष्टिकोण से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आपराधिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। किसी को भी राज्य के शांतिपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने उत्तराखंड को नशामुक्त प्रदेश बनाने और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को भी निर्देशित किया है।

 

Pls read:Uttarakhand: केदारनाथ दर्शन के बाद लौट रहे यात्रियों पर भूस्खलन, चार की मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *