Uttarakhand: मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज, पितृपक्ष से पहले हो सकता है फैसला – The Hill News

Uttarakhand: मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज, पितृपक्ष से पहले हो सकता है फैसला

देहरादून: उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, तीन से चार नए मंत्री बनाए जा सकते हैं और फेरबदल भी संभव है।

अटकलें हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार पितृपक्ष शुरू होने से पहले हो सकता है, जो 17 सितंबर से प्रारंभ होने जा रहा है।

वर्तमान में मुख्यमंत्री धामी की टीम में मुख्यमंत्री समेत आठ सदस्य हैं। संवैधानिक प्रविधान के मुताबिक यहां अधिकतम 12 सदस्यीय मंत्रिमंडल हो सकता है।

वर्ष 2022 में, जब भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में आई, तब धामी मंत्रिमंडल में कुल नौ सदस्य शामिल किए गए और तीन स्थान रिक्त रखे गए। पिछले वर्ष कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन के कारण एक और स्थान रिक्त हो गया।

मंत्रिमंडल का आकार छोटा होने के कारण कई बार विस्तार की चर्चा चली, लेकिन अलग-अलग कारणों से यह विषय टलता रहा।

अब जबकि निकट भविष्य में राज्य में केदारनाथ विधानसभा सीट के उपचुनाव के साथ ही नगर निकाय व त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव होने हैं, मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं। पिछले दिनों भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने संकेत दिए थे कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री की अब केंद्रीय नेतृत्व के साथ एक दौर की बैठक और होनी है, जिसके बाद विस्तार कर दिया जाएगा।

यद्यपि, मुख्यमंत्री के जब भी दिल्ली दौरे होते हैं तो मंत्रिमंडल विस्तार का विषय चर्चा के केंद्र में रहता है, लेकिन इन दिनों इस चर्चा ने फिर जोर पकड़ा है। कहा जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री इन दिनों गहन मंथन में जुटे हैं। पार्टी हाईकमान से हरी झंडी मिलते ही मंत्रिमंडल विस्तार किया जा सकता है।

यह भी चर्चा पिछले कुछ दिनों से तेजी से चल रही है कि कुछ मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं। इस सबके बीच अब सभी की नजरें मुख्यमंत्री के अगले कदम पर टिक गई हैं, क्योंकि मंत्रिमंडल विस्तार उनके विशेषाधिकार का विषय है।

 

Pls read:Uttarakhand: देवभूमि में अपराधियों से सख्ती से निपटेगी सरकार: मुख्यमंत्री धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *