बरेली। फरीदपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम गोमाता की रक्षा के लिए जान भी देंगे। उत्तर प्रदेश में अगर कोई गोकशी की बात सोचेगा तो उसके लिए जहन्नुम के द्वार खोल दिए जाएंगे। आंवला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप के समर्थन में फरीदपुर कस्बे में शुक्रवार को आयोजित विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या के महाराज दिलीप जैसे धर्मात्माओं ने इस धरती पर जन्म पर लिया है जिन्होंने गो माता को शेर के मुंह से छुड़ाया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन में शामिल दल पहले राम का अस्तित्व नहीं मानते थे अब जब रामलला का दिव्य, भव्य और नव्य मंदिर बन गया तो कहते हैं राम सबके हैं। कांग्रेस दोहरे चरित्र वाली है और उसके साथी दल भी उसी तरह के हैं। चुनाव के समय आप इनके माई-बाप हैं और चुनाव खत्म होते ही यह आपको पहचानेंगे भी नहीं। सपा, बसपा और कांग्रेस का एख ही काम है वह है झूठ बोलना। सीएम योगी ने कहा कि पाकिस्तान ने जिस आतंकवाद की भट्ठी को सुलगाया था वह आज उसी में जल रहा है। आतंकवाद समर्थक पाकिस्तान कांग्रेस के लोगों की तारीफ कर रहा है। पुलवामा में जवानों की शहादत पर खुशी मनाने वाले लोग कांग्रेस के शहजादे राहुल गांधी की तारीफ कर रहे हैं। वे राहुल गांधी को समर्थन देने की बात कह रहे हैं। ऐसे में आपको सतर्क रहने की जरूरत है।
यह पढ़ेंःPakistan: कंगाल पाकिस्तान को IMF से मिली 110 करोड़ डालर की मदद