Uttarakhand: मौसम था खराब तो सीएम धामी ने फोन से गंगोलीहाट की जनता को किया संबोधित – The Hill News

Uttarakhand: मौसम था खराब तो सीएम धामी ने फोन से गंगोलीहाट की जनता को किया संबोधित

खबरें सुने

मौसम खराब होने के चलते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गंगोलीहाट दौरा रद्द करना पड़ा। जिसके बाद सीएम ने शनिवार को फोन के माध्यम से अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम की खराबी के कारण आप लोगो के बीच उपस्थित नहीं हो पा रहा हूं। सीएम ने कहा गंगोलीहाट क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार तत्पर है। विकसित गंगोलीहाट बने इसके लिए राज्य सरकार संकल्पित है। गंगोलीहाट आस्था का क्षेत्र है, ये आस्था और विकास के मानचित्र में आगे आएगा। सीएम ने कहा विकास के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा को भारी समर्थन देकर रिकॉर्ड तोड़ मतों से विजय बनाएं। उन्होंने कहा अजय टम्टा बातों में कम और काम में ज्यादा विश्वास करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगोलीहाट के विकास के लिए पूर्व में नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त गंगोलीहाट को नगर पालिका का दर्जा देकर विकास की एक लकीर खींची है। भैरंग पट्टी में न्याय पंचायत पोखरी में वर्ष 1975-76 से संचालित प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र का उच्चीकरण करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को सीएचसी बनाया है। बेरीनाग में 15 शैय्या युक्त ट्रामा सेन्टर बनाया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, गंगोलीहाट को उपजिला चिकित्सालय का दर्जा देने के साथ ही महिला, बालरोग तथा रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की गई।

सीएम धामी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि गंगोलीहाट के दोनों विकासखण्डों बेरीनाग एवं गंगोलीहाट में एक-एक केन्द्रीय विद्यालय को खोलने की प्रक्रिया गतिमान है। मां हाट कालिका मन्दिर, गंगोलीहाट का सौन्दर्यीकरण एवं बहुमंजिला कार पार्किंग बनाने की प्रक्रिया भी गतिमान है। राज्य सरकार ने प्रदेश के अंदर कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। पूर्व में किए वादे अनुसार राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किया है। हर एक उत्तराखंडवासी को यूसीसी विधेयक पारित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

सीएम धामी ने कहा कि नकल माफियाओं को जेल भेजकर पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं करवाई जा रही हैं। जिसके लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके साथ ही राज्य में दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है। सरकारी ज़मीन से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। साथ ही महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में कई कठोर फैसले लिए गए हैं। जिन्हें पूर्व की सरकारों ने इच्छशक्ति की कमी के कारण छोड़ दिया था।

पीएम मोदी के नेतृत्व में सीएए कानून लागू हुआ है, भव्य राम मंदिर निर्माण हुआ है, धारा 370 का खात्मा हुआ है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भव्य निर्माण हुआ है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पर काम जारी है। सीएम ने कहा कि 2014 के बाद पीएम मोदी ने भारत की साख को दुनिया में फिर से बुलंद किया है। दुनिया भारत की शक्ति को जान चुकी है।

 

यह पढ़ेंःUttarakhand: गोपेश्वर में मुख्यमंत्री धामी के भव्य रोड शो में उमड़ा जन सैलाब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *