धारचूला। चीन सीमा से लगे धारचूला के उच्च हिमालय में मंगलवार को बर्फीले तूफान ने कहर बरपाया। तूफान से बर्फ घरों और सुरक्षा चौकियों में जमा हो गई है। तूफान से चाइना गेट के पास ग्लेशियर से हिमखंड टूटने से चीन सीमा को जोड़ने वाला तवाघाट-लिपुलेख मोटर मार्ग बंद हो गया है। क्षेत्र के केएस गुंज्याल ने बताया कि करीब 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रहे तूफान से बर्फ उड़कर लोगों के घरों के भीतर तक पहुंच रही है। मकान और सुरक्षा चौकियों में बर्फ जमा हो गई है। खेत बर्फ से ढक गए हैं। गुंजी गांव से चार किलोमीटर पहले चाइना गेट के पास ग्लेशियर से हिमखंड टूटकर गिरने से तवाघाट-लिपुलेख मार्ग बंद हो गया।
गुंजी जा रहे दर्जनों वाहन इस मार्ग में फंसे हैं। कुछ वाहन चाइना गेट से धारचूला की ओर वापस लौट गए। मौसम में आए बदलाव से लोग दहशत में हैं। सीमा सड़क संगठन सड़क खोलने के लिए मौसम साफ होने का इंतजार कर रहा है।
उत्तराखंड में दो दिन से आसमान में छाये घने बादल मंगलवार को छंटने लगे। मैदानी क्षेत्रों में दिन में चटख धूप खिली, हालांकि दोपहर बाद कहीं-कहीं बादल फिर मंडराने लगे।
यह पढ़ेंःUttarakhand: उत्तराखंड की फिल्म अभिनेत्री गीता उनियाल का निधन