गोरखपुर। गांधी व शास्त्री जयंती पर सोमवार को क्षेत्रीय श्रीगांधी आश्रम, गोलघर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। योगी ने यहां चर्खा चलाया और कुर्ते का कपड़ा खरीदा। 1225 रुपये मूल्य का कपड़ा 30 प्रतिशत छूट के बाद 858 रुपये में मिला। उन्होंने सांसद, विधायक व अन्य लोगों को भी कपड़ा खरीदने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। वहां चर्खे से सूत कात रही महिलाओं से पूछा कि कितनी आय हो जाती है। पूनम ने बताया कि सप्ताह में पांच हजार रुपये। इसके बाद उन्होंने न्यू माडल आठ तकला चर्खा और किसान चर्खा चलाया। चर्खे के बारे में जानकारी ली। प्रशासनिक अधिकारियों को चर्खे के प्रचार-प्रसार का निर्देश देते हुए कहा कि यदि चर्खा सोलर हो तो ज्यादा अच्छा है। उन्होंने सभी काउंटरों का निरीक्षण कर वस्त्रों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के महानायक महात्मा गांधी की 154वीं जयंती पर हम उन्हें नमन कर रहे हैं। पूरी दुनिया को सत्य, अहिंसा का मार्ग दिखाते हुए उन्होंने यह सिद्ध किया कि लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हुए बड़ी से बड़ी ताकत को भी झुकाया जा सकता है। सत्य व अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसका परिणाम यह हुआ कि जिन अंग्रेजों के बारे में कहा जाता है कि उनका सूर्य कभी नहीं डूबता था, उन्हें भी भारत छोड़ने को मजबूर होना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवाहन पर पूरे प्रदेश में बापू के प्रति श्रद्धांजलि स्वरूप स्वच्छांजलि कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस अवसर पर सदर सांसद रवि किशन, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, एमएलसी डा. धर्मेंद्र सिंह उपस्थित थे।