शिमला: हिमाचल प्रदेश में बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने के कारण अब तक नुकसान का आकलन 6717.15 करोड़ पहुंच गया है। अभी तक 221 लोगों की विभिन्न कारणों से मौत हो चुकी है। मानसून के दौरान 913 मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो चुके हैं। 7623 मकानों को नुकसान हुआ है। प्रदेश सरकार मकान बनाने के लिए प्रति परिवार डेढ़ लाख रुपये की मदद देगी।
सरकार ने नरम रूख रखते हुए बाढ़ में मकान बहने से सड़कों पर आ चुके परिवारों के साथ-साथ आंशिक तौर पर मकान को हुए नुकसान के लिए तीस करोड़ का विशेष पैकेज तैयार किया है। ये पैकेज वन टाइम रहेगा, और पैकेज के नियम और शर्तें एक सप्ताह के भीतर करके मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सामने रखी जाएंगी। मानसून खत्म होने से पहले ही प्रभावित परिवारों को डेढ़ लाख रुपये की धनराशि का आबंटन शुरू कर दिया जाएगा। ताकि लोगों को सर्दियां शुरू होने से पहले सिर पर छत का प्रबंध हो सके। सचिवालय में मुख्य सचिव के साथ बैठक के उपरांत ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग ने सभी प्रकार की औपचारिकताएं पूरी करने का कार्य शुरू कर दिया है।