शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे से पहले उनके खाने के मेन्यू को मंजूरी मिल गई है। राष्ट्रपति के लिए बिछने वाले दस्तरखान में गुच्छी की सब्जी, राजमा का मदरा और सेब की खीर परोसी जाएगी। हिमाचल पर्यटन निगम ने राष्ट्रपति कार्यालय को खाने का मेन्यू भेजा था। यह मेन्यू फाइनल हो गया है। उन्हें चांदी की परत वाली थाली में नाश्ता, लंच और डिनर परोसा जाएगा। राष्ट्रपति मुर्मू 18 से 21 अप्रैल तक शिमला में रहेंगी। राज्य अतिथि गृह पीटरहाफ में लंच और छराबड़ा स्थित रिट्रीट राष्ट्रपति आवास में उनका डिनर होगा।
उनके आगमन को लेकर तैयारियां जोरों से चल रही हैं। मुख्य सचिव ने उनके दौरे को लेकर सचिवालय सामान्य प्रशासन व अन्य अधिकारियों से बैठक भी कर ली है। राष्ट्रपति मुर्मू विश्वविद्यालय शिमला में 26वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगी। 19 अप्रैल को वह दोपहर बाद 3:10 बजे विश्वविद्यालय पहुंचेंगी। 4:20 बजे वह विश्वविद्यालय से लौटेंगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित मंत्री और अन्य गणमान्य मौजूद रहेंगे।
यह पढ़ेंःbreaking news : माफिया अतीक-अशरफ हत्याकांड में आ रहा है गैंगस्टर सुंदर सिंह भाटी का नाम