देहरादून। उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले 24 घंटे में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। राजधानी देहरादून व आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर केवल पर्वतीय जिलों में रहेगा, जबकि हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल के मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी दून में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पंतनगर में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री, मुक्तेश्वर में 21.9 डिग्री व 6.9 डिग्री जबकि टिहरी में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री दर्ज किया गया।