देहरादून। मानसून की वापसी के बाद अब उत्तराखंड पर ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। चक्रवाती परिसंचरण के हिमालय की तरफ बढ़ने से उत्तराखंड में शनिवार रात से अगले दो दिन मौसम का मिजाज बदला रहेगा। पहाड़ों में हल्की बारिश और उच्च क्षेत्रों में बर्फवारी हो सकती है। मौसम के करवट बदलने से ठिठुरन बढ़ सकती है।
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम सामान्य बना हुआ है। चोटियों पर हल्की बूंदाबांदी और हिमपात हुआ है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय है। साथ ही पाकिस्तान की ओर से साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी आज रात तक हिमालयी क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा। इससे रविवार और सोमवार को प्रदेश में बादल छाए रह सकते हैं।