uttarakhand breaking: धामी लड़ेंगे चंपवात से चुनाव, केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी – The Hill News

uttarakhand breaking: धामी लड़ेंगे चंपवात से चुनाव, केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चम्पावत सीट से ही उप चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों की मानें तो भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने इसके लिए धामी को हरी झंडी दे दी है। धामी ने अपने तीन दिनी दिल्ली दौरे के दौरान इस संबंध में केंद्रीय नेताओं के साथ मंथन किया। वर्तमान में चम्पावत से कैलाश गहतौड़ी भाजपा के विधायक हैं और उन्होंने ही सबसे पहले मुख्यमंत्री के लिए अपनी सीट छोडऩे की पेशकश की थी।

गहतौड़ी दो-तीन दिन में देहरादून पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष को अपना त्यागपत्र सौंपेंगे। उधर, संपर्क करने पर विधायक गहतौड़ी ने कहा कि उनकी तरफ से सीट छोडऩा फाइनल है।

अब निर्णय पार्टी संगठन और मुख्यमंत्री को लेना है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री चम्पावत से विधायक होंगे तो क्षेत्र में विकास की बयार बहेगी। मुख्यमंत्री यहां आते हैं तो उनके लिए 10 बार की विधायकी भी कुर्बान होगी।

इस बीच मुख्यमंत्री धामी शनिवार को तीन दिनी दौरे पर दिल्ली पहुंचे। दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से भेंट कर अपने उपचुनाव के संबंध में चर्चा की। सूत्रों के अनुसार पार्टी नेतृत्व ने उनके चम्पावत सीट से उप चुनाव लडऩे की सहमति दे दी है। जल्द ही पार्टी इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकती है। चम्पावत के भाजपा जिलाध्यक्ष व महामंत्री को इस सिलसिले में देहरादून बुलाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *