Uttarakhand: विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना आवश्यक : मुख्यमंत्री धामी – The Hill News

Uttarakhand: विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना आवश्यक : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. जोशी और यात्रा में शामिल साइकिल यात्रियों का स्वागत करते हुए अभियान की सफलता पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 47 दिनों तक चली यह साइकिल यात्रा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का सार्थक प्रयास है।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक संबंध हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या साझा सांस्कृतिक विरासत के साथ दोनों देशों के आत्मीय रिश्तों के प्रतीक हैं। दोनों देशों की भौगोलिक और प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए साझा प्रयास जरूरी हैं।

धामी ने डॉ. जोशी के संदेश ‘प्रकृति ही प्रभु है’ को भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना बताया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रह सकेगा।

मुख्यमंत्री ने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट की अवधारणा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता का आकलन विकास तथा पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने में उपयोगी हो सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों और जैव विविधता से है। राज्य सरकार नौले-धारे, चाल-खाल और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा दे रही है। इसमें महिलाओं और युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

47 दिनों में 3,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा

डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई इस यात्रा में 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। अभियान के दौरान नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से ज्यादा गांवों तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया। इसका उद्देश्य जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना था।

विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया। यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

‘सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक’ विषय पर होने वाले सम्मेलन में आपदा जोखिम के पूर्वानुमान, प्रबंधन की तैयारियों, नई तकनीकों और आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभवों, ज्ञान और नवाचारों का आदान-प्रदान करना है।

इस अवसर पर डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, प्रो. दुर्गेश पंत और प्रकृति पथ यात्रा के सदस्य उपस्थित रहे।

 

pls read:Uttarakhand: उत्तराखण्ड को आध्यात्मिक के साथ आर्थिक शक्ति का केंद्र बनाना लक्ष्य : धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *