Uttarakhand: मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा में छठ घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर की पूजा-अर्चना – The Hill News

Uttarakhand: मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा में छठ घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर की पूजा-अर्चना

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के ग्राम 22 पुल स्थित खिलड़िया छठ घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने छठी मैया और सूर्यदेव से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घाट पर मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें छठ महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

लोक आस्था और सामाजिक समरसता का पर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था, पवित्र परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम है। सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता के साथ संयम, सेवा तथा सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति की उन महत्वपूर्ण परंपराओं में शामिल है, जो प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर चलने और पारिवारिक एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, ऐसे सांस्कृतिक पर्व हमारी विरासत को संरक्षित रखने के साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करते हैं।

 

Pls read:Uttarakhand: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *