खटीमा, 15 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छठ पूजा कार्यक्रम से लौटते समय खटीमा के मेलाघाट रोड पर एक स्थानीय दुकान में रुककर खरीदारी की। उन्होंने प्रदीप एंड कंपनी से अपनी माता के लिए साड़ी खरीदी और स्थानीय व्यापारियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने दुकान संचालकों और व्यापारियों से उनके कारोबार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। स्थानीय प्रतिष्ठान से खरीदारी कर उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री की इस पहल से दुकान संचालकों और आसपास के स्थानीय व्यापारियों में उत्साह देखने को मिला। जिला सूचना अधिकारी, ऊधम सिंह नगर की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय व्यापारियों के साथ सहजता से संवाद किया।